मितौली खीरी। मितौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत इनायत चीफ ग्रंट के गांव बांसताली में रविवार को एक घर में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना में एक गाय के जलने की भी सूचना है।
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान आग की चपेट में आ चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके की जानकारी लेने में जुट गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार आग से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।

