लखीमपुर खीरी/निघासन।
जनपद लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम सोहरिया से मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे लोगों का वाहन थाना पढ़ुआ क्षेत्र में बोझिया साइफन के पास भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में तीन किशोरियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनौजिया (धोबी) समाज के बालगोविंद के पुत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने के बाद सभी लोग बहराइच के कारीकोट मंदिर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में नैन्शी (14 वर्ष) पुत्री रमाकांत, आरूषि (12 वर्ष) पुत्री विनोद, पंक्षी (15 वर्ष) पुत्री विशम्भर, श्रीमती मखाना (40 वर्ष) पत्नी मेवालाल निवासी सेमरी तथा राजकुमारी (45 वर्ष) पत्नी केश कुमार निवासी सोहरिया की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल ओयल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में रंजना (18 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतकों के परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ी रही।
इस दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पदाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना तथा उनके बेहतर उपचार की मांग की।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
