oplus_0
बांकेगंज/खीरी। बांकेगंज ब्लॉक के ग्राम मोतीपुर में अंबेडकर जयंती पर मूर्ति स्थापना को लेकर हुए बवाल के बाद उपजे तनाव के बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई न की जाए।
गांव पहुंचने पर महिलाओं ने पूर्व सांसद को घेर लिया और रो-रोकर पुलिसिया कार्रवाई की आपबीती सुनाई। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस बेवजह लोगों को परेशान कर रही है। इस पर जुगुल किशोर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने घरों में रहें और शांति व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने कहा, “दोषियों पर कार्रवाई हो, लेकिन किसी बेगुनाह को डराया न जाए।”
इस दौरान मौके पर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, धौरहरा थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पूर्व सांसद के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
