लखीमपुर खीरी। विकासखंड मितौली क्षेत्र में नर्सरी से कक्षा 5 तक के छात्रों की पाठ्यपुस्तकों की बिक्री में ओवररेटिंग का मामला सामने आया है। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर किताबें बेची जा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में किताबों की आपूर्ति का जिम्मा कुछ चुनिंदा दुकानों—विद्यार्थी पुस्तक भंडार, आदर्श पुस्तक भंडार और मास्टर पुस्तक भंडार—के पास है। अभिभावकों का कहना है कि इन दुकानों पर मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अन्य विकासखंडों में इस तरह की शिकायतों पर अधिकारियों द्वारा छापेमारी कर कार्रवाई की जा रही है, जिससे वहां स्थिति में सुधार आया है।
अभिभावकों ने प्रशासन से अपील की है कि मितौली विकासखंड में भी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि बच्चों की शिक्षा पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
