मितौली खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग के ‘स्कूल चलो अभियान’ को गति देते हुए आज उच्च प्राथमिक विद्यालय चुरई पुरवा में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक आनंद पाल के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
रैली का मुख्य आकर्षण विद्यालय का बैंड दस्ता रहा। स्कूल ड्रेस में सजे-धजे छात्र जब बैंड की धुनों पर कदमताल करते हुए निकले,तो पूरे गांव का माहौल शिक्षा के रंग में रंगा नजर आया। यह रैली गांव के विभिन्न प्रमुख मार्गों और गलियों से गुजरी, जहां ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। रैली का समापन विद्यालय प्रांगण में हुआ। ग्राम प्रधान करुणेश कुमार ने रैली की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में जरूर कराएं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रधानाध्यापक आनंद पाल, अनिल कुमार, सूरज सिंह, कमल किशोर, पृथ्वी पाल, राजकुमारी और मजहर अब्बास समेत विद्यालय स्टाफ और ग्रामीण मौजूद रहे। रैली के अंत में “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” के नारे के साथ शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लिया गया।
