oplus_0
लखीमपुर खीरी।जनपद के नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलिकपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। गन्ना कोल्हू पर काम करने वाले एक दलित युवक को मजदूरी मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे खौलते गन्ने के रस से भरे कड़ाहे में धकेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पीड़ित युवक कुलदीप (36) को गंभीर हालत में लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
क्या है मामला
पीड़ित के पिता खेमकरन द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनका पुत्र कुलदीप पिछले करीब पांच महीनों से गांव निवासी साजिद खां के गन्ना कोल्हू पर मजदूरी कर रहा था। आरोप है कि 11 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे जब कुलदीप ने अपनी बकाया मजदूरी मांगी, तो साजिद खां, राशिद खां और हामिद खां भड़क उठे।
आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए कुलदीप की जमकर पिटाई की और उसे धक्का देकर खौलते कड़ाहे में गिरा दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
इलाज के दौरान लापरवाही और धमकी का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ही उसे अस्पताल ले गए, लेकिन पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर इलाज में लापरवाही की गई। जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद भी निजी अस्पतालों में समुचित इलाज नहीं कराया गया।
इतना ही नहीं, आरोप है कि पीड़ित परिवार को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना से डरे सहमे परिजनों ने अब हिम्मत जुटाकर नीमगांव थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलते ही कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने, बच्चों के भरण-पोषण की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार में ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
