मितौली खीरी। थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया में महिला उत्पीड़न और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही दबंगों ने घर में घुसकर न केवल महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की, बल्कि विरोध करने पर उसके पति को भी बेरहमी से पीटकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) मितौली,यादवेन्द्र यादव के कड़े रुख के बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान पति समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दबंगों ने खमरिया गांव में पीड़ित के घर में घुसकर तांडव मचाया। आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और जब पति ने अपनी पत्नी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे घेर लिया। दबंगों ने धारदार हथियारों से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
प्रधान पति समेत कई पर केस दर्ज। पीड़ित पक्ष की तहरीर और क्षेत्राधिकारी यादवेन्द्र यादव के हस्तक्षेप के बाद मितौली पुलिस ने ग्राम प्रधान पति रामू राठौर (रवि प्रकाश) व उसके सहयोगियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी ने पुलिस को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में
मुकदमा दर्ज हुए समय बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की पकड़ से बाहर घूम रहे आरोपी अब पीड़ित परिवार को डरा-धमका रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे गहरे खौफ में हैं और उन्हें अपनी जान-माल का खतरा सता रहा है। परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान से तत्काल सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की गुहार लगाई है।
”मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
— यादवेन्द्र यादव, क्षेत्राधिकारी, मितौली।
