मैगलगंज-खीरी। कस्बा मैगलगंज के औरंगाबाद रोड पर न्यू गुप्ता मेडिकल स्टोर के ठीक सामने एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान द्वारा सड़क किनारे लोहे का भारी सामान डालकर हादसे को न्योता दिया जा रहा है। दुकानदार द्वारा लोहे के एंगल, स्टील पाइप व अन्य लोहे का सामान सड़क के किनारे और आंशिक रूप से सड़क पर ही फैला दिया जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही दुकान पर लोहे के सामान को उतारने और चढ़ाने का काम शुरू हो जाता है। इस दौरान देर रात तक खटपट और तेज आवाजें होती रहती हैं। आरोप है कि कई बार यह काम रात 12 बजे से 2 बजे तक चलता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की नींद भी प्रभावित होती है।
राहगीरों का कहना है कि सड़क किनारे इस तरह लोहे के पाइप और एंगल पड़े रहने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय जब रोशनी कम होती है, तब दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर फैले इस लोहे के सामान को तत्काल हटवाया जाए और जिम्मेदार दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। वहीं जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में अब तक अनजान बने हुए हैं।
