oplus_16
मितौली खीरी।विकासखंड मितौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय चुरईपुरवा में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि रामप्रसाद (भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर के बड़े भाई), विशिष्ट अतिथि गौरव उर्फ मोनू सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी भगवान राव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को माल्यार्पण व बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। और बच्चों द्वारा प्रस्तुत हास्य रस पर आधारित नाटकों ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया। ‘चंद्रशेखर आजाद’ के जीवन पर आधारित नाटक के जरिए बच्चों ने स्वाधीनता संग्राम के बलिदान को जीवंत किया।विभिन्न गीतों और लोक नृत्यों पर बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंदपाल ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमल किशोर, सूरजपाल, अतुल कुमार, मजहर अब्बास, अनिल कुमार, राजकुमारी, सरोज कुमार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।
