लखीमपुर खीरी। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से सोमवार को न्यायालय सुरक्षा प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बल और पीएसी के जवानों ने पूरे परिसर को खंगाला।
न्यायालय सुरक्षा प्रभारी राजेश कुमार ने पुलिस बल के साथ कचहरी के मुख्य द्वारों, अधिवक्ताओं के चैंबरों,पार्किंग स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की। टीम ने वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और उनके सामान की भी तलाशी ली। चेकिंग के दौरान सुरक्षा टीम ने मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों का भी प्रयोग किया।
सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि यह नियमित सुरक्षा ड्रिल का हिस्सा है ताकि न्यायालय आने वाले वादियों,अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गनीमत रही कि तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या असामाजिक तत्व नहीं मिला। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि बिना सघन जांच के किसी भी व्यक्ति को परिसर के भीतर प्रवेश न करने दिया जाए।
