चपरतला/लखीमपुर खीरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मैगलगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी मितौली,क्षेत्राधिकारी मितौली यादुवेन्द्र सिंह और इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ संवाद किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में विशेष रूप से गोमती नदी तट और शौचालयों की साफ-सफाई के साथ-साथ महिला सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
मैरिज लॉन संचालकों को सख्त हिदायत
प्रशासन ने मैरिज लॉन संचालकों के पेंच कसते हुए निर्देश दिया कि रात 10:00 बजे के बाद किसी भी हाल में डीजे न बजाया जाए। साथ ही, डीजे की आवाज मानक के अनुरूप होनी चाहिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मैरिज लॉन के बाहर बेतरतीब पार्किंग की वजह से यातायात बाधित हुआ, तो संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित डीजे संचालक, ब्रास बैंड, आतिशबाजी विक्रेता, कांवड़ समितियों के सदस्य और ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
