मितौली खीरी। मितौली तहसील क्षेत्र के वेहड़ा जोराबर, खंजन नगर एवं ग्रंट इनायतचीफ की सरकारी भूमि पर पेड़ों के अवैध कटान के मामलों में प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है। प्रकरण की जानकारी प्राप्त होते ही उपजिलाधिकारी मितौली मधुसूदन गुप्ता एवं तहसीलदार मितौली दिनेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ राय ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित थाने में पेड़ काटने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया। बताया गया कि संबंधित स्थानों पर सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों का अवैध रूप से कटान किया गया था, जो कि नियमों के विरुद्ध है। समय रहते कार्रवाई होने से न केवल सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि भविष्य में ऐसे कृत्यों पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पेड़ काटना दंडनीय अपराध है और इस प्रकार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
