लखीमपुर खीरी के तहसील मितौली के मैगलगंज क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और बुखार के प्रसार के दृष्टिगत सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे और साथ ही उन्होंने ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से वार्ता की।सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि मैगलगंज क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया व बुखार तेजी से फैल रहा है। जिसे लेकर उन्होंने यह भ्रमण किया है। उन्होंने क्षेत्र के ग्राम प्रधान से क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कहा। साथ ही नालियों व पानी निकासी की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाए। उन्होंने अधीक्षक पसगवां को क्षेत्र में फॉगिंग व एंटी लारवा का छिड़काव कराने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र में लगातार दो दिवसों से चलाया जा रहा है और लोगों को दवाओं के वितरण के साथ ही जांच की भी व्यवस्था की है। जहां निरीक्षण के समय तक करीब 175 मरीज देखे जा चुके थे। 35 लोगों की जांच की गई थी। जिसमें एक भी डेंगू का मरीज नहीं मिला है। इसमें दो केस मलेरिया के मिले है।
सीएमओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपने घर के आस-पास पानी न जमा होने दें। घर के अंदर, छत पर किसी भी स्थान पर पानी को इकट्ठा न होने दें। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। तभी संक्रमण को पूरी तरह से रोका जा सकता है। इस दौरान उनके साथ पसगवां सीएचसी अधीक्षक डॉ अश्वनी कुमार, डीएमओ हरिशंकर वर्मा मौजूद रहे।

