लखीमपुर खीरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान के अंतर्गत पीएचसी लघुचा और पीएचसी सेमरई में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ सदस्य विधान परिषद अनूप गुप्ता द्वारा गुरुवार की दोपहर किया गया। इस दौरान उनके साथ सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता भी मौजूद रहे।
सदस्य विधान परिषद अनूप गुप्ता ने हेल्थ एटीएम के शुभारंभ अवसर पर कहा कि लघुचा और सेमरई दोनों ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों उनकी निधि से हेल्थ एटीएम लगवाए गए हैं। जिससे अब ग्रामीण अंचल में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके। हेल्थ एटीएम के माध्यम से अब दोनों ही स्थानों पर 98 जांचें आवश्यकता के अनुसार हो सकेगी और डॉक्टर रिपोर्ट के अनुसार मरीज का बेहतर इलाज कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को लेकर काम कर रही है। पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उन्होंने सामूहिक रूप से पौधारोपण भी किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष बीजेपी सुनील सिंह सहित फरधान सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित बाजपेई सहित दोनों ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

