निघासन खीरी |नव सृजित नगर पंचायत निघासन में 15 वार्डों की नगर पंचायत के लिए गुरुवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच निर्धारित समय सुबह 07:00 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक हुई। सुबह से ही वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी लंबी कतारें लग गई, मतदान संपन्न होने तक कुल फीसद मतदान हुआ। दिन भर चली गहमागहमी के बीच कई बार प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का मुआयना किया। अध्यक्ष के 11 प्रत्याशियों सहित सभासद पद के प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।
निघासन नगर पंचायत में महिला और पुरूष मिलाकर कुल 23042 मतदाताओं के लिए कुल 8 मतदेय स्थलों पर मतदान केंद्र बनाए गए थे। हालांकि गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप के साथ तापमान गर्म था। लेकिन इसके बावजूद उत्साही मतदाता मतदेय स्थलों की ओर रवाना होने लगे थे, और सभी जगहों पर भीड़ के कारण लंबी लाइनें दिखीं। अलबत्ता दोपहर बाद मतदान की गति में कुछ सुस्ती महसूस की गई। इस दौरान प्रशासन के अधिकारियों का ध्यान खासतौर से अतिसंवेदनशील व अतिसंवेदनशील प्लस मतदेय स्थलों पर रहा जहां कई बार अचानक चेकिंग की गई। सीओ निघासन राजेश कुमार सहित निघासन कोतवाल की मुस्तैदी के चलते पूरे इलाके में मतदान शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
मतदान के बीच ही विभिन्न राजनीतिक दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मतदेय स्थलों पर जाकर स्थिति देखी और वोटरों की खैर सलाह पूछी। कुछ जगहों पर वोटर लिस्टों से नाम गायब होने की शिकायतें भी आईं और तमाम वोटरों को मायूस लौटना पड़ा। मतदान में पहली बार वोटर बने, दिब्यांग व वृद्ध महिला पुरूष मतदाताओं का भी उल्लास छलकता नजर आया। करीब शाम छह बजे तक हुए मतदान के बाद प्रत्याशियों व अभिकर्ताओं की मौजूदगी में मतपेटिकाएं सील कर उन्हे स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा घेरे में रखवाकर सील कर कड़ा पहरा बैठा दिया गया है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में निघासन कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव सहित इलाकाई दारोगा राममिलन यादव, महिला उपनिरीक्षक सर्वेश मौर्य सहित भारी पुलिस एवं पीएससी के साथ साथ एसएसबी के जवानों की बूथों पर कड़ी निगरानी बनाए रहे, जिसके चलते कहीं भी किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हो पाई।

