मोहम्मदी -खीरी। पहले दिन की होली की धमाल में पॉलिथीन से रंगों का प्रयोग मना करने पर मोहल्ला शुक्ला पुर में कुछ युवकों ने एक परिवार के कुछ लोगों को लाठी-डंडों और धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 4 नामजद और 10 से 15 लोगों पर गंभीर आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
मामला कस्बा मोहम्मदी के मोहल्ला शुक्ला पुर का है। जहां पहले दिन की होली की रंग शोभायात्रा धमार युवा क्लब मोहल्ला भीतर मोहम्मदी से निकल रही थी, तभी अमरेंद्र शुक्ला ने एक युवक को पन्नी और पॉलिथीन से रंगों का प्रयोग करने से मना किया। इस पर युवक भड़क गया और अपने कई अन्य साथियों के साथ अमरेंद्र शुक्ला के घर में घुसकर उसके साथ उसकी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। बचाने पर अतुल बाजपेई तथा अन्य पर भी तलवार से वार कर दिया। जिससे गंभीर चोटें आई हैं। अमरेंद्र शुक्ला की तहरीर पर अमित वाल्मीकि पुत्र अज्ञात, कन्हैया वाल्मीकि ओम वाल्मीकि और अभिमन्यु वाल्मीकि पुत्र अर्जुन बाल्मीकि सहित 10 से 15 लोगों पर घर में घुसकर हत्या का प्रयास तोड़फोड़ बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वही होली पर हुए बवाल के बाद दूसरे दिन रंग शोभायात्रा धमार को लेकर उपजिलाधिकारी पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार वर्मा द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मोर्चा संभाला और फ्रेंड्स क्लब बाजार गंज से रंग शोभा यात्रा धमार में सुरक्षा व्यवस्था में कई थानों की पुलिस एवं पीएसी बल को तैनात किया। चिन्हित संवेदनशील स्थानों व घरों की छतों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए। पहले से निर्धारित धमार निकलने के मार्ग पर ड्रोन कैमरा से निगरानी की गई एवं आगे आगे पुलिस की गाड़ियों ने फ्लैग मार्च किया। धमाल में पन्नी एवं पॉलिथीन रंग चलाना पूरी तरह से प्रतिबंध रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे दिन की रंग शोभायात्रा धमार में लोगों ने खूब धमाल मचाया, डीजे की धुन पर नाचते गाते रंग खेलते हुए झांकियों के साथ रंग शोभायात्रा धमार ने शांति पूर्वक अपनी यात्रा को पूरा किया।
