लखीमपुर । आगामी सोलह फरवरी से प्रस्तावित माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं को नकल विहीन तथा शुचिता पूर्ण ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से लखीमपुर खीरी के जिला विद्यालय निरीक्षक डा. महेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा एक विस्तृत रणनीति के कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में उनके द्वारा परीक्षा पूर्व परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा कुल पांच टीमों का गठन कर जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का।निरीक्षण किया गया । कई केंद्रों पर स्ट्रॉन्ग रूम में कतिपय कमियां पाईं गईं जिनको तत्काल सही करा दिया गया । जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्वयं ग्यारह परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। जिनमे जिला पंचायत इण्टर कॉलेज काला आम, ओम साईं विद्या मंदिर लीला कुआं, राजरानी माता इण्टर कालेज बेहजम, एस .बी.पटेल इंटर कॉलेज बेहजम,जिला पंचायत इण्टर कॉलेज कस्ता,राजा लोने सिंह इंटर कॉलेज मितौली,चंद्रिका सिंह बिटोली देवी इण्टर कालेज फत्तेपुर,जिला पंचायत इण्टर कॉलेज औरंगाबाद,श्रीपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मैगल गंज, भारतीय इंटर कॉलेज मैगलगंज तथा नालंदा पब्लिक इण्टर कालेज बनिकागांव शामिल थे । जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इनमे से जिला पंचायत इंटर कालेज काला आम, एस .बी.पटेल इंटर कॉलेज बेहजम में स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था पूर्ण नहीं थी जिसको तत्काल पूर्ण करा दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि उनका एक मात्र उद्देश्य है कि जनपद लखीमपुर खीरी प्रदेश का पहला ऐसा जिला बने जो कि इस बात की गारंटी दे सके कि यहां नकल नहीं होती है।और अगर कोई नकल माफिया अपना फन उठाता है तो उसका फन कुचल दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी को नकल मुक्त जनपद बनाऊंगा।
