भारतीय वन सेवा के परिवीक्षाधीनों ने आज 21 दिसंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट की।अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वन पृथ्वी पर सभी जीवधारियों के लिए आश्रयस्थल हैं। वन आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं कार्बन के बड़े अवशोषक के रूप में कार्य करने के अलावा उनकी भूमिका वन्यजीवों का आवास बनने और आजीविका स्रोत होने से भिन्न होती है। वन विश्व की कई लुप्तप्राय प्रजातियों का घर भी हैं। लघु वनोपज हमारे देश में 27 करोड़ से अधिक लोगों की आजीविका का समर्थन करते हैं। वनों का उच्च औषधीय महत्व भी है।राष्ट्रपति ने कहा कि भारत वन में रहने वाले समुदायों के अधिकारों पर विशेष ध्यान दे रहा है। जनजातीय समुदायों सहित वनवासियों के साथ सहजीवी संबंध को अब व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त है और यह हमारे विकास विकल्पों में शामिल है। भारतीय वन सेवा के अधिकारियों का उत्तरदायित्व है कि वे इन समुदायों को जैव-विविधता के संरक्षण और संरक्षण के प्रति उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जागरूक करें।राष्ट्रपति ने कहा कि इन दिनों हम भारत और विश्व के विभिन्न भागों में वनों में आग लगने की कई घटनाओं के बारे में सुनते हैं। हमारे सामने न केवल वनों के संरक्षण की बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की भी बड़ी चुनौती है। आज हमारे पास शहरी वानिकी, वन जोखिम शमन, डेटा संचालित वन प्रबंधन और जलवायु-स्मार्ट वन अर्थव्यवस्थाओं की नई प्रौद्योगिकियां और अवधारणाएं हैं। उन्होंने भारतीय वन सेवा के अधिकारियों से कहा की वे भारत के वन संसाधनों के सतत प्रबंधन के लिए नवाचार करें और नए तरीके खोजें। उन्होंने कहा कि उन्हें हमारे वनों को ऐसी अवैध गतिविधियों से बचाने में प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए जिनका नकारात्मक आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभाव पड़ता है।राष्ट्रपति ने कहा कि देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए वन आवश्यक हैं। हमें अपने वनों को जीवंत एवं स्वस्थ रखना चाहिए। विकास आवश्यक है और इसके साथ स्थायित्व भी आवश्यक है। प्रकृति ने हमें भरपूर उपहार दिए हैं तथा यह हममें से प्रत्येक का कर्तव्य है कि हम पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी बनें। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को पुनर्जीवित प्राकृतिक संसाधनों और स्थायी पारिस्थितिक तंत्र के साथ एक सुंदर देश का उपहार देना होगा।
वेब सुगमता के लिए नवोन्मेष चुनौती पर अभिनंदन समारोह का आयोजन
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने समाधान सम्बंधी क्लाउड आधारित वेब सुगमता के लिए नवोन्मेष चुनौती पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन डिजिटल इंडिया पहल के तहत किया गया।
कार्यक्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल सम्मिलित हुये। उनके अलावा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री अलकेश कुमार शर्मा, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी अपर सचिव श्री अमित अग्रवाल, एनआईसी के महानिदेशक श्री राजेश गेरा और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री सुशील पाल तथा एनआईसी की उप महानिदेशक श्रीमती अलका मिश्रा भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में मंत्रालयों/विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सलाहकार, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी स्टार्ट-अप्स तथा उद्योगों के हितधारकों ने हिस्सा लिया।
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री अलकेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्टार्ट-अप्स के युवा दलों द्वारा उदीयमान प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल से चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों की लगन व प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि इस तरह की नवोन्मेषी चुनौतियां दिव्यांगजनों के लिये स्वदेशी डिजिटल उपकरणों और समाधानों के विकास में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से स्वदेशी स्तर पर बौद्धिक सम्पदा के आधार पर पूरे विश्व पर अपना प्रभाव डालने में भारत की मदद होगी, जो आगे चलकर विशाल व निरंतर बढ़ते बाजार को लाभ देंगी।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री अलकेश कुमार शर्मा के साथ अनुकरणीय व नवोन्मेषी प्रयासों के लिये विजेताओं का अभिनंदन किया तथा चयनित स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित किया।
