लखीमपुर खीरी |मितौली ब्लाक के डिजिटल गांव रेवाना में टाटा पावर मिक्रोग्रिड रेन्यूअबल के स्टेट हेड सुबोध दीक्षित के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें टाटा पावर मिक्रोग्रिड रेन्यूअबल की तरफ से तिरंगा यात्रा निकाली गयी जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में मितौली थानाध्यक्ष सुनीत कुमार मौजूद रहे । जिनका टाटा पावर के स्टेट हेड सुबोध दीक्षित ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। हम आपको बता दें कि रेवाना गांव में टाटा पावर टीम द्वारा तिरंगा रैली निकाली गईं। विशाल शौर्य यात्रा में भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष गूंजता रहा। यात्रा में वीरों का गुणगान किया गया। भारत माता की जय, वंदे मातरम और मेरा भारत महान जैसे नारे लगाए गए।
वहीं इस मौके पर थानाध्यक्ष मितौली सुनीत कुमार ने संबोधित करते हुए बताया कि स्वतंत्रता का ये पर्व हम सभी को नई शक्ति, नव उल्लास और नई प्रेरणा के साथ हमारे आत्मविश्वास को मजबूत करता है। कलेस्टर हेड पवन यादव ने बताया कि भारत 15 अगस्त को 76 वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इसी दिन भारत को आजाद हुए 75 वर्ष भी पूरे हो जाएंगे और वह अपनी आजादी के 76 वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इसे आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। वहीं इस मौके पर टाटा पावर मिक्रोग्रिड रेन्यूअबल के स्टेट हेड सुबोध दीक्षित ने संबोधित करते हुए बताया कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक देश है। 15 अगस्त 1947 को हमारे देश को अंग्रेजो के क्रूर और अन्यायपूर्ण शासन से आजादी मिली थी। आजादी की इस लड़ाई में हमारे देश के लाखों-करोड़ो लोगो ने अपनी भूमिका निभाई थी और देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई थी। स्वतंत्रता दिवस के माध्यम से हमारे देश के स्वतंत्रता में योगदान देने वाले महापुरुषों और उनके आदर्शो को याद किया जाता है । वहीं इस अवसर पर उषा व टाटा पावर द्वारा ब्लाक व गांव में भी तिरंगें वितरण किये गये। जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की । इस अवसर पर उषा के स्टेट हेड विजय पांडेय ,संदीप श्रीवास्तव,प्रवीण चौधरी,शाश्वत पांडेय, अनुराग त्रिवेदी, प्रभात त्रिवेदी , विवेक राठौर, अभिषेक शुक्ल सहित सैकड़ों ग्रामीण सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
