मितौली-खीरी। मितौली तहसील क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार एसपी सिंह के पिता राजेन्द्र सिंह (95) का रविवार तड़के करीब 3:15 बजे निधन हो गया। वह पिछले करीब एक माह से अस्वस्थ चल रहे थे। लगभग एक माह पूर्व कूल्हे में चोट लगने के बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब थी।
रविवार सुबह उन्होंने अपने पैतृक गांव सेमरावा, सीतापुर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दोपहर करीब तीन बजे पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान महोली के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, कस्ता के पूर्व विधायक सुनील लाला, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. नरेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री ब्रजेश सिंह, जिला मंत्री अमित सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
सभी ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

