मितौली खीरी। जहानीखेड़ा मार्ग पर पेट्रोल पंप के आगे बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में मितौली थाना क्षेत्र के लल्लोहुआ निवासी छोटे राठौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर किया गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, चंदिला निवासी मुमताज पुत्र राशिद और जुनैद पुत्र नईम बाइक से बरवर की ओर जा रहे थे। वहीं मितौली थाना क्षेत्र के लल्लोहुआ निवासी अनिल पुत्र दयाराम और छोटे पुत्र गेंदई जहानीखेड़ा की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप के आगे दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही 112 की पीआरवी 5790 और बरवर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने छोटे राठौर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुमताज, जुनैद और अनिल को बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय रेफर किया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

