लखीमपुर खीरी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद खीरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में मनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सर्वप्रथम कैम्प कार्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन्स खीरी में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के प्रति निष्ठावान रहते हुए सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रभक्तों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान से प्राप्त आजादी देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सेवा में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनता के विश्वास को मजबूत करना चाहिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जनपद में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदकों, सम्मान चिन्हों एवं प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक राजेश कुमार सिंह और निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा एवं निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।
उपनिरीक्षक मोईनुल हक एवं उपनिरीक्षक गुरुचरण दास पाण्डेय को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार वर्मा को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा रजत पदक से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में मुख्य आरक्षी होरी लाल को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, मुख्य आरक्षी रामकृष्ण द्विवेदी, पूजा देवी (एलआईयू) और निषांक श्रीवास्तव को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। मुख्य आरक्षी विनय वर्मा को स्वर्ण पदक, आरक्षी संदीप कुमार (आर्मोरर) को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा आरक्षी सुनील कुमार (ड्राइवर) को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
अधिकारियों व पुलिस टीमों को प्रशस्ति पत्र
समारोह में सराहनीय कार्य के लिए उपनिरीक्षक वालेन्द्र कुमार मिश्र, पीआरओ पुलिस अधीक्षक खीरी, निरीक्षक महेश चन्द्र, प्रभारी मीडिया/सोशल मीडिया सेल मय टीम, उपनिरीक्षक ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी आईजीआरएस सेल मय टीम, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर राजेश कुमार सिंह मय टीम, निरीक्षक राजेश सिंह, प्रभारी मॉनिटरिंग सेल मय टीम तथा उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, प्रभारी स्वाट टीम मय स्वाट/सर्विलांस टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस लाइन में हुआ वृक्षारोपण
समारोह के उपरांत एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश देते हुए पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस कर्मियों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय, क्षेत्राधिकारी यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक पवन भाटी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के सभी थानों, क्षेत्राधिकारी कार्यालयों एवं पुलिस कार्यालय में भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

