मितौली, खीरी। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को विकासखंड मितौली सहित तहसील परिसर, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जगह-जगह ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा अमर वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
विकासखंड मितौली में सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रमोद कुमार ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सचिव योगेंद्र वर्मा, धीरेंद्र वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, धर्मेंद्र वर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए संकल्प लिया।
वहीं तहसील परिसर मितौली में उपजिलाधिकारी संत दास पवार ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर तहसीलदार प्रीति सिंह एवं पदोन्नत नायब तहसीलदार शशांक मिश्रा सहित तहसील के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अमर वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया। उपजिलाधिकारी ने सभी से देश की प्रगति में अपना योगदान देने तथा भारत को सशक्त एवं विकसित बनाने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
साईं बाबा हॉस्पिटल मितौली में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व अध्यापक बृज किशोर शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला, डॉक्टर प्रशांत शुक्ला, प्रभात शुक्ला, शिवसागर शुक्ला, रमेश शुक्ला, सुरेश शुक्ला, एसपी सिंह, महबूब हसन सहित अस्पताल के स्टाफ के लोग मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के वीर शहीदों को नमन किया।
इसी क्रम में विकासखंड परिसर स्थित पंचायत भवन के गांधी चबूतरा पर ग्राम प्रधान नीरज कश्यप, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मनोज कुमार एवं पूर्व ग्राम प्रधान मास्टर दिनेश कुमार ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रोहन लाल पब्लिक मेमोरियल स्कूल में प्रबंधक दिनेश कुमार मास्टर ने ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जज्बा भर दिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के जीवन और उनके बलिदान की गाथा भी प्रस्तुत की।
पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने का संकल्प लिया।

