नीमगांव खीरी । थाना नीमगांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरी में रविवार को भूमि विवाद से परेशान एक किसान करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। किसान अपने साथ पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर गया था तथा न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की चेतावनी देने लगा। प्रशासन की सूझबूझ और लगातार प्रयासों से लगभग पांच घंटे बाद किसान सुरक्षित नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी निवासी किसान विजयपाल सिंह का आरोप है कि वर्ष 2024 से वह अपनी भूमि संबंधी विवाद के समाधान के लिए विभिन्न अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह गांव के बाहर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शशांक शेखर मिश्रा, थाना नीमगांव पुलिस तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार किसान से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
इसी दौरान भूमि विक्रेता रंगनाथ सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान को आश्वासन दिया कि यदि खरीदी गई भूमि का कब्जा नहीं मिल पाता है तो पूरी धनराशि वापस कर दी जाएगी अथवा दूसरी भूमि की रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसके बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने निष्पक्ष जांच, शिकायतों की सुनवाई और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद विजयपाल सिंह सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतर आए।
नायब तहसीलदार शशांक शेखर मिश्रा ने बताया कि गाटा संख्या 99 राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जांच के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में उक्त भूमि की रजिस्ट्री कराई गई थी, लेकिन बाद में भूमि के खलिहान के रूप में दर्ज होने के कारण विवाद उत्पन्न हो गया। किसान का आरोप है कि विवादित भूमि पर वृक्षारोपण कराया जा रहा था, जिसके विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने फिलहाल संबंधित स्थान पर चल रहा वृक्षारोपण कार्य रोक दिया है।
प्रशासन की सतर्कता, धैर्य और समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित अप्रिय घटना टल गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

