लखीमपुर खीरी। जनपद की सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने गोला तहसील पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए तथा उसका विधिसम्मत एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्च स्तर से कराया जाना है, उन्हें आवश्यक आख्या के साथ संबंधित सक्षम अधिकारी को तत्काल प्रेषित किया जाए।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में उपस्थित रहे और पुलिस से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, जिससे लोगों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।

