लखीमपुर खीरी। थाना नीमगांव पुलिस ने अपनी पत्नी का कान काटकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी के निर्देशन में जनपद भर में चलाए जा रहे वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मितौली के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नीमगांव प्रवीर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी मुन्ना लाल पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम लोनीपुरवा, थाना नीमगांव, जनपद लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार किया।
इस संबंध में जब थाना प्रभारी नीमगांव प्रवीर गौतम से दूरभाष पर वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध लगभग एक-दो माह पूर्व मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त फरार चल रहा था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना नीमगांव में मु0अ0सं0 119/2026 के तहत धारा 115(2), 118(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उसने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी का कान काटकर अलग कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाल सिंह एवं कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।

