मितौली खीरी। पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद भर में अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मितौली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मितौली के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को छह वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में रामपाल निवासी ढकिया कुस्तौल, राजेन्द्र निवासी कानाखेड़ा, रामशंकर निवासी खुडेहरा, अस्फाक एवं गुड्डू खां निवासी नगरा तथा अजय मिश्रा उर्फ मगोदर निवासी कस्ता शामिल हैं। सभी अभियुक्त विभिन्न न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों के तहत वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने सभी वारंटियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए संबंधित न्यायालयों में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक जयकृष्ण तिवारी, उपनिरीक्षक उदयवीर यादव, उपनिरीक्षक विजय कुमार, हेड कांस्टेबल सन्तराम, हेड कांस्टेबल करूणेश वर्मा तथा कांस्टेबल दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

