हरगांव (सीतापुर)। विधानसभा हरगांव क्षेत्र के भिखनापुर एवं कोरैया गांव में आयोजित सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम में बहुजन समाज के नेता सचिन सिंह नितिन ने सत्ता परिवर्तन और सामाजिक व्यवस्था को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विजय लक्ष्य 2027 के तहत बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर उत्तर प्रदेश में परम आदरणीया बहन कुमारी मायावती जी को पुनः मुख्यमंत्री बनाना उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित, पीड़ित और मजलूम समाज को न्याय, सुरक्षा, सम्मान एवं उनके हक-अधिकार दिलाने के लिए संगठन को मजबूत करना तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान भिखनापुर निवासी माता कमला देवी के नेतृत्व में सामाजिक एकता, भाईचारा एवं समाज जागरूकता के उद्देश्य से अपनी निजी भूमि पर संविधान निर्माता भारतरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जनहित एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने के लिए लगभग एक बीघा भूमि अंबेडकर पार्क के नाम समर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, संगठन, संघर्ष और सामाजिक समानता के विचारों का प्रेरणास्रोत बनेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और बहुजन समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

