मितौली/लखीमपुर खीरी। विकासखंड मितौली क्षेत्र के रसूलपुर मोड़ स्थित दतेली कलां में आयोजित विश्व कल्याणार्थ क्षेत्रीय स्त्री रुद्र महायज्ञ एवं सम्राट संत सम्मेलन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक आयोजन के दौरान कथा व्यास शुभम तिवारी को जनपद सीतापुर निवासी पंडित दीपक शुक्ला ने भगवान विष्णु की स्वर्ण निर्मित प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण, पूजा-अर्चना एवं यज्ञ में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर संत-महात्माओं के प्रवचनों से भक्तों को आध्यात्मिक एवं नैतिक जीवन का संदेश दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार बाबा जंगली नाथ सदाशिव लीला धारी के सानिध्य में चल रहे इस रुद्र महायज्ञ का समापन 31 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। समापन अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महायज्ञ एवं संत सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं।

