-लखीमपुर खीरी जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के अभियान के तहत डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय और प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र छाउछ का औचक निरीक्षण कर पूरी व्यवस्था की गहन पड़ताल की। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में अफसरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। डीएम स्वयं एक-एक काउंटर पर पहुंचे और वहां मौजूद अभिलेखों को बारीकी से देखा। उन्होंने आवेदकों से जुड़े दस्तावेजों की जांच करते हुए मौके पर मौजूद कार्मिकों से उनके कार्य दायित्वों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर में मौजूद लोगों से भी बातचीत की और उनके आवेदन एवं दस्तावेजों की जांच कर कार्य प्रगति की पुष्टि की। साथ ही उन्होंने जिले में ड्राइविंग टेस्ट एवं प्रशिक्षण हेतु संचालित प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
