मैगलगंज खीरी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालपुर में भारतीय बहुजन एकता समिति के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समिति द्वारा एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।जिसमें क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भव्य शोभा यात्रा का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके उपरांत गांव में एक विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा के दौरान बैंड-बाजों की धुन और ‘संत रविदास अमर रहें’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। झांकियों के माध्यम से संत रविदास के जीवन और उनके संदेशों को प्रदर्शित किया गया।
दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर ने शिरकत की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में नवाब कल्वे हसन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिनेश चंद्र गुप्ता और जिला पंचायत सदस्य राममूर्ति राठौर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया।
इस मौके पर विकास कुमार, विश्वराज सिंह, जगदीश कुमार और एडवोकेट केवल कुमार ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। भारतीय बहुजन एकता समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। शोभा यात्रा का समापन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

