लखीमपुर । मिशन शक्ति 5.0 के तहत डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में जिले के 4,471 जरूरतमंद पात्र महिलाओं के लिए राशन कार्ड बनाए गए। इस अभियान का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सशक्त बनाना है।
रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने 30 महिलाओं को अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड प्रदान किए। साथ ही उन्हें स्पेशल CSR किट भी वितरित किया गया, जिसमें छाता, 2 लीटर पानी की बोतल, बैटरी सहित टॉर्च, दो पैकेट सेनेटरी नैपकिन और मच्छरदानी शामिल थी।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सरकारी योजनाओं और संसाधनों से जोड़ना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। डीएम ने मिशन शक्ति 5.0 की अहमियत पर जोर दिया। कहा कि महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्पॉन्सरशिप योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के जरिये निराश्रित बच्चों को शिक्षा व सहारा उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएम मातृत्व वंदना योजना के तहत बालिकाओं के जन्म पर पोषण के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाता है, जबकि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत कन्याओं को 6 चरणों में ₹25 हजार की मदद प्रदान की जा रही है।
डीएम ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को परिवार में केवल घर की सदस्य नहीं, बल्कि परिवार का मुख्य निर्णयकर्ता और अधिकारधारी बनाने का बीड़ा उठाया है। इसी उद्देश्य से राशन कार्ड में महिला को ही मुखिया बनाया गया है, ताकि उनके परिवार में आवाज़ और अधिकार दोनों मजबूत हों।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने डीएम की इस पहल की सराहना की। लाभार्थी महिलाओं ने कहा कि इस तरह की योजनाएं न केवल उनके जीवन को आसान बनाती हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और सामाजिक सुरक्षा का अहसास भी कराती हैं।

