कोविड वैक्सीनेशन में पीछे सीएचसी बिजुआ का निरीक्षण कर एसीएमओ ने की समीक्षा
लखीमपुर खीरी। कोविड वैक्सीनेशन में लखीमपुर अर्बन सहित 15 ब्लॉकों में सबसे पीछे बिजुआ सीएचसी का एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान वैक्सीनेशन में पीछे रहने के कारणों की समीक्षा की गई। इस दौरान दो डॉक्टर सहित चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि बिजुआ सीएचसी कोविड वैक्सीनेशन में 12 से 14 वर्ष के बच्चों को लग रहे वैक्सीनेशन की पहली व दूसरी खुराक में सबसे पीछे है। वहीं प्रिकॉशन डोज़ में भी सबसे पीछे है। इसे लेकर एक समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक अमित सिंह भी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के दौरान वैक्सीनेशन में पीछे होने के चलते कर्मचारियों की फटकार लगाई गई। वहीं रविवार तक का समय दिया गया है, अगर कार्य में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई हेतु संस्तुति जाएगी। इस दौरान जो कर्मचारी अनुपस्थित मिले उनमें डॉ. अलका जो 2 दिन से अनुपस्थित चल रही हैं और डॉ. मोहित वीर सिंह सहित एनएमएस अजय कुमार शुक्ला और ऑटोमेटिक साजिद खान अनुपस्थित मिले। इसी के साथ डॉ. दीपमाला विक्रम भी निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित मिली, बताया गया कि किसी कार्य हेतु बाहर गई हैं। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
