पंकज कुमार गौतम ( मुख्य संपादक)
अजान खीरी। बच्चों को पोषण और शिक्षा देने के उद्देश्य से बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्र अब बीमारियों का घर बनते जा रहे हैं। ब्लॉक कुंभी के ग्राम शहाबुद्दीनपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वहां तालाब जैसा जलभराव हो गया है। भवन के सामने बने गढ्ढों के कारण हल्की बारिश में ही पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है।
आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास गंदगी और गंदे पानी का जमाव न केवल बच्चों को आने से रोक रहा है, बल्कि संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
गांव वालों का कहना है कि इस केंद्र पर न सिर्फ बच्चों के लिए सुविधाएं नदारद हैं, बल्कि यहां गाय-भैंस बांधने और डंलप खड़ा करने जैसी अव्यवस्थाएं भी हैं। वहीं, सरकार और बाल विकास विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाएं भी इस जलभराव और गंदगी के चलते प्रभावहीन हो रही हैं।
डीएम की ओर से पहले ही डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को रोकने के लिए जल निकासी के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से एक बार फिर गुहार लगाई है कि जलनिकासी की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
ग्रामीणों की मांग है कि—
जलनिकासी की व्यवस्था की जाए
गंदगी की सफाई कराई जाए
आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत कराई जाए
पशुओं को परिसर से हटाया जाए

