रिपोर्ट पंकज कुमार संपादक
लखीमपुर-खीरी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल के तहत प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन सदर विधायक योगेश वर्मा सदर के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ वाणी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आरके कोली, डॉ सोमेश राजू, डॉ विनीत कुमार मेडिकल कॉलेज के अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रशासनिक अधिकारी तथा आमजन भी उपस्थित रहे।
जन औषधि केंद्र की स्थापना भारत सरकार के फार्मास्युटिकल्स विभाग द्वारा संचालित जन औषधि योजना के अंतर्गत की गई है एवं इसका उद्देश्य देशभर में गुणवत्तायुक्त जेनरिक दवाओं को किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। यह केंद्र विशेष रूप से आमजन निम्न आय वर्ग ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों और अस्पताल में इलाज हेतु आने वाले मरीजों को लाभान्वित करेगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक योगेश वर्मा ने बताया कि “यह केंद्र समाज के उन तबकों के लिए अत्यंत उपयोगी होगा, जिन्हें महंगी दवाओं के कारण समुचित इलाज नहीं मिल पाता था। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को जन-सामान्य की पहुंच में लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।”
प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ वाणी गुप्ता ने कहा कि स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय लखीमपुर खीरी जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए निरंतर प्रयासरत है। यह केंद्र न केवल मरीजों को राहत देगा बल्कि मेडिकल छात्रों को फार्मास्युटिकल प्रबंधन से जुड़ी वास्तविक समझ भी प्रदान करेगा।
अंत में उपस्थित अतिथियों ने केंद्र का भ्रमण किया और इसकी व्यवस्थाओं की सराहना की। यह पहल निःसंदेह लखीमपुर खीरी की ग्रामीण जनता एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान सिद्ध होगी।

