रिपोर्ट पंकज कुमार
मितौली खीरी। चीनी मिल अजबापुर के आगामी पेराई सत्र 2024 – 25 हेतु किये गये गन्ना सर्वेक्षण का सर्वे प्रदर्शन प्रारम्भ किये जाने से पूर्व चीनी मिल एवं गन्ना विभाग के संयुक्त गन्ना सर्वे प्रदर्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनाँक 22 जुलाई, 2024 को चीनी मिल अजबापुर के हरियाली किसान बाजार सभागार में किया गया। कार्यक्रम में सर्वेकर्मियों को गन्ना प्रदर्शन किये जाने हेतु गन्ना विभाग द्वारा निर्धारित 63 कॉलम के खतौनी रजिस्टर के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। खतौनी रजिस्टर में कृषक के सट्टा से सम्बन्धित समस्त जानकारी जैसे – कृषक का नाम मय पिता, बैंक का विवरण, मोबाइल नम्बर आपूर्ति साधन, आपूर्ति केन्द्र, सर्वेक्षित गन्ना क्षेत्रफल, कुल कृषि योग्य भूमि का गाटावार विवरण आदि जानकारी प्रदर्शित हैं। निर्गत 63 कॉलम की खतौनी रजिस्टर को गन्ना पर्यवेक्षक द्वारा प्रत्येक ग्राम में ले जाकर प्रदर्शन किया जायेगा, साथ ही साथ कृषकों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली आपत्तियों का निस्तारण भी किया जायेगा।
सचिव, जेबी गंज, मैगलगंज, मोहम्मदी, ने समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपना ऑनलाइन घोषणा-पत्र विभागीय वेबसाइट enquiry.caneup.in पर अवश्य भरें, यदि किसी किसान भाई द्वारा घोषणा पत्र नहीं भरा जाता है तो आगामी पेराई सत्र में उनका सट्टा संचालित नहीं होगा तथा साथ ही साथ उन्होंने किसान भाइयों से यह भी अपील की है कि यदि किसान भाइयों को अपने गन्ना सर्वे में किसी भी प्रकार का कोई भी संशोधन कराया जाना है, तो प्रदर्शन के समय आवेदन दे कर संशोधन करवा लें, पेराई सत्र प्रारम्भ होने के उपरान्त कोई भी संशोधन सम्भव नहीं हो पायेगा।
इकाई प्रमुख कुलदीप सिंह ने समस्त फील्ड स्टाफ को कृषकों के सर्वे सट्टा सम्बन्धी समस्याओं को समय से निस्तारित कराने के निर्देश दिये साथ ही उन्होंने फील्ड स्टॉफ को अपनी सर्किल से सम्बन्धित ग्रामों में बुवाई किये गये गन्ना में समय-समय पर यथा आवश्यक प्रबन्धन कराये जाने हेतु भी निर्देशित किया, जिससे गन्ना फसल को रोग एवं कीट से बचाया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में गजेन्द्र कुमार कटियार सचिव जे.बी.गंज, नन्दलाल सचिव मोहम्मदी, अजित प्रताप सिंह सचिव मैगलगंज, कुलदीप सिंह इकाई प्रमुख, विवेक तिवारी महाप्रबन्धक (गन्ना), तथा रीजन हेड ए.सिद्दीकी, रमेश चौधरी, अनिल सिंह चौहान एवं चीनी मिल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा गन्ना विभाग के सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

