निघासन खीरी |कोतवाली निघासन अंतर्गत एक गांव मे चोरों ने जमकर तांडव मचाते हुए दो घरों में सोना, चांदी के साथ नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
बुधवार की रात लुधौरी गांव निवासी छेदी लाल यादव पुत्र हीरा लाल परिवारीजनों सहित अपने घर के अंदर सोए हुए थे। देर रात चोर चहारदीवारी फांदकर छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए और कमरे में रखे एक बक्से को उठा ले गए जिसे घर के पश्चिम गन्ने के खेत में तोड़ा। पीड़ित के अनुसार बक्से में पांच हजार नगद रुपए, एक जोड़ी कुंडल व एक जोड़ी पायल थी जिसे चोर साथ ले गए।
बुधवार की ही रात लुधौरी निवासी हीरा लाल गौड़ पुत्र राम चंद्र के घर पर भी चोर दीवाल फांदकर घर में घुसे और कमरे में रखे इक्कीस हजार नगद रुपए, चार जोड़ी पायल, एक चांदी की चैन, एक पैंडल माला, पांच नथ, पांच अंगूठी, चार जोड़ी बिछिया, एक करधनी बच्चे की व एक जोड़ी कंगन पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस जांच करने में जुटी रही। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि छानबीन की जा रही है जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।

