पंकज कुमार
खमरिया खीरी । ग्राम पंचायत बसढिया के दलित बस्ती के पास लगा ट्रांसफॉर्मर छह माह पहले फुंक गया था ,जिससे बिजली लाइन प्रभावित हो गयी और दर्जनों कनेक्शनधारकों से बिजली दूर हो गयी,अब उनके घरों में बिजली की समस्या उत्पन्न हो गई है कनेक्शनधारकों ने सैकड़ों बार जेई और लाइनमैन को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर आज तक जूं न रेंगी ।
ग्राम पंचायत बसढिया के दलित बस्ती के निवासी अधिवक्ता राजकुमार,दिनेश,विनोद,श्यामसूरत, सोमशेखर, अनिल ,श्रीकृष्ण सहित दर्जनों बिजली उपभोक्ताओं ने बताया कि हमारे गांव को बिजली सप्लाई के लिए लगा 16 केवीए का ट्रांसफॉर्मर विगत छह माह पहले फुंक गया था ,अब चूंकि गर्मी की शुरुआत हो चुकी है ऐसे में बिजली की नितांत आवश्यकता है,रात में बिजली न होने से चारों तरफ अंधेरा छाया रहता है,लेकिन धौरहरा ग्रामीण क्षेत्र का विद्युत विभाग लापरवाह बना हुआ है ,ग्रामीणों का आरोप है कि जेई सुनील पाल और लाइनमैन प्रमोद कुमार से सैंकड़ों बार ट्रांसफॉर्मर रखने की मिन्नते की गई लेकिन विभागीय जिम्मेदारों द्वारा अभी तक सुध नहीं ली गयी ।ग्रामीणों ने इसके साथ ही विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर भी कई बार शिकायत दर्ज करवाई लेकिन विभाग ने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया है । इस संबंध में जब जेई सुनील पाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मेरी जानकारी में ऐसी कोई सूचना नहीं है अगर ऐसा है तो जल्द ही ट्रांसफॉर्मर रखवा दिया जाएगा ।

